Tuesday, November 9, 2010

वन्दे मातरम् ।

वन्दे मातरम् ।
——————————————–
भारत भक्तो भारत फिर से, वैभव पाये परम् ।
सब धर्मों से बढ़कर भाई, होता राष्ट्रधरम ॥
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।
तत्ववेत्ता ऋषि मुनियों ने, परम सत्य ये जाना ।
शस्यश्यामला इस धरती को, अपनी माता माना ॥
माता भूमि और पुत्रा मैं, वेद वचन गुंजाया
वन्दे मातरम गाकर, बंकिम ने ये ही दोहराया ।
कहा राम ने जन्म भूमि, है स्वर्ग से भी उत्तम ।
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।
—————————————————————–
सबसे पहले मानवता ने, ऑंख यही थी खोली।
सीखी और सिखाई जग को प्रेम-प्रीति की बोली ।
ज्ञान को हमने नहीं बनाया लाभकमाऊ धंधा ।
जगद्गुरू थे हम कहते, ये तक्षशिला नालन्दा ।
देवों की भी चाह रही है, लेवें यहाँ जनम ।
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।
—————————————————————–
इस भूमि पर आकर, छह ऋतुओं ने रंग बिखेरे ।
समृद्धि ने भी आकर के, डाले अपने डेरे ।
शीत घाम और वर्षा, तीनों अपने रंग दिखाती ।
यहाँ मरूस्थल भी है तो, गंगा भी है लहराती ।
यहाँ जन्मना ही प्रमाण है, अच्छे पूर्व करम ।
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।
—————————————————————–
एक ज्योति जो सबके अंदर, करती है उजियारा ।
एक प्राण की सब जीवों के, अंदर बहती धारा ॥
पंचतत्व के पुतले हम सब, सबका एक रचयिता ।
उसी शक्ति ने विश्व रूप में, खुद को है विस्तारा ।
उसी एक के नाम कई, ये जाना सत्य परम् ।
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।
—————————————————————–
होता क्या परिवार जगत को, भारत ने सिखलाया ।
सारी वसुधा है कुटुंब ये, दिव्य घोष गुंजाया ॥
सच को खुद ही जानो, केवल ऑंख मींच मत मानो ।
तलवारों की दम पर, अपना धर्म नहीं फैलाया ।
ज्ञान-ध्यान और दान का, जग में फहराया परचम।
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।
—————————————————————–
हमने पहले विस्तृत नभ के, नक्षत्रो को जाना ।
गणित, रसायन, भौतिकविद्या, के सच को पहचाना ॥
शिल्प, चिकित्सा, कला और, उद्योग हमारी थाती ।
इन विज्ञानों के दीपक में, रही धर्म की बाती ।
गुफा निवासी जटा-जूट, धारी वैज्ञानिक हम ॥
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।
—————————————————————–
अब भी अपनी बुद्धि का, जग लोहा मान रहा है ।
भारत का ही है भविष्य, मन ही मन मान रहा है ।
भारत भक्ति को शंका से, न देखो जगवालों,
भारत का उत्थान ही, दुनियाँ का उत्थान रहा है ।
दुनियाँ है परिवार कहा, वसुधैव कुटुंबरम्
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।
—————————————————————–
ज्ञान और विज्ञान का, हमने जग को पाठ पढ़ाया ।
गणित, रसायन, शिल्प कृषि को दूर दूर पहुचायाँ
मूल है भारत में ही उस, विज्ञान के अक्षय वट की,
सारे जग को आज मिल रही जिसकी शीतल छाया ॥
लक्ष्य रहा है बहुजन का हित बहूजनाय सुखम् ॥
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।
—————————————————————–
वो शक्ति जिसने भारत को, जग सिरमौर बनाया ।
वो बुद्धि जिसने अतीत में, ज्ञान का दीप जलाया ॥
नहीं हुई है लुप्त मनों में, सुप्त पड़ी है भाई
सूरज से अंगारों पर ज्यों, राख का बादल छाया ।
भरम हटे तो हम चमकेंगे, सूरज से चम-चम ।
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।
—————————————————————–
जो ऑंखें देख रही है, सच है उससे आगे ।
थोड़ी सी कठिनाई इससे, डरकरके न भागे ।
अंधियारा जो दूर दूर तक, देता हमें दिखाई
केवल तबतक है जबतक, हम आंख खोल न जागें ।
दूर हटायें अपने मन पर, छाया भेद भरम् ॥
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।
—————————————————————–
वेद महाभारत रामायण, गीता परम पुनीता ।
दिव्य सती अनुसुइया, सावित्री यशोधरा सीता ॥
वर्धमान, शंकर, गौतम, दशमेश सरीखे ज्ञानी
गूंज रही है अब भी जग में, जिनकी सीख सुहानी ।
दिया जगत को एक सत्य, कि दीपक बनो स्वयं ।
वन्दे मातरम् । वन्दे मातरम् ।

Sunday, November 7, 2010

क्या खोया है, क्या पाया है

क्या खोया है, क्या पाया है
आज तुम्हें बतलाते हैं
आओ साथियों, देशवासियो
भारत तुम्हें दिखाते हैं ॥
जिस गौ को गौमाता कहकर
गाँधी सेवा करते थे
जिसके उर में सभी देवता
वास हमेशा करते थे
हिन्द भले ही मुक्त हुआ हो
गौमाता बेहाल अभी
कटती गऊएँ किसे पुकारें
उनके सर है काल अभी
गौमाता की शोणित-बूँदें
जब धरती पर गिरती हैं
तब आज़ादी की व्याख्याएँ
ज्यों आरी से चिरती हैं
गौ भारत का जीवन-धन है
हिन्दू चिन्तन की धारा
गौमाता को जो काटे, वह
है माता का हत्यारा
कृष्ण कन्हैया की गऊओं की
गाथा करुण सुनाते हैं
कया खोया है, क्या पाया है
आज तुम्हें बतलाते हैं ॥
हिन्द देश की भाषा हिन्दी
संविधान में माता है
मैकाले की अँग्रेजी से
भारत जाना जाता हैं
राजघाट से राजपाट तक
अँग्रेजी की धूम बड़ी
औ’ हिन्दी, झोपड़-पटटी में
कैसी है मजबूर खड़ी
न्यायालय से अस्पताल तक
भाषा अब अँग्रेजी है
हिन्दी संविधान में बन्दी
रानी अब अँग्रेजी है
मन्त्री जी से सन्त्री जी तक
बोलें सब अँग्रेजी में
हर काँलिज, हर विद्यालय में
डोंलें सब अँग्रेजी में
अपनी भाषा हिन्दी से हम
क्यों इतना कतराते हैं
क्या खोया है, क्या पाया है
आज तुम्हें बतलाते है ॥

Tuesday, November 2, 2010

ख्वाब कब तक मेरे ज़वाँ रहते


ख्वाब कब तक मेरे   ज़वाँ  रहते,
 

रस्ते हमेशा तो नहीं  आसाँ  रहते।

 

मरने पर  तो  ज़मीं  नसीब नहीं
 

जीते-जी कहो फिर कहाँ रहते।

 

शौक फर्मा रहे वो आग से खेलने का,
 

आबाद कब तक ये  आशियाँ रहते।

 

 अपना बना कर  ग़र न लूटते हमें,
 

जाने कब तक  मेरे राजदाँ  रहते।

 

काबू में रहती मन की बेईमानी अगर,
 

गर्दिशों में भी  हम  शादमाँ  रहते ।

 

सीखा न था मर-मर के जीना कभी,
 

आँधियों   के हम   दरमियाँ रहते ।

 

लाख सामाँ करो ’अनिल’ की बर्बादी का,
 

हम   तो  खुश रहते,   जहाँ  रहते ।